उत्तराखंड

उत्तराखंड के युवाओं को रील बनाने पर मिलेंगे पैसे, सरकार का है ये बड़ा प्लान

देहरादून। सोशल मीडिया और डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में रुचि रखने वाले उत्तराखंड के युवाओं के लिए राज्य सरकार ने एक नई पहल की है। अब युवाओं को सरकारी डिजिटल गतिविधियों, सोशल मीडिया प्रचार और कंटेंट क्रिएशन से जोड़ने के लिए दो माह की इंटर्नशिप कराई जाएगी। चयनित युवाओं को ₹5,000 प्रति माह मानदेय के साथ अधिकृत प्रमाण-पत्र और प्रशस्ति पत्र भी दिया जाएगा।

‘डिजिटल युवा महोत्सव 2026-27’ के तहत संचालित होने वाले ‘एक्सपीरियंस लर्निंग प्रोग्राम’ की कार्ययोजना और रूपरेखा को राज्यपाल की मंजूरी मिल गई है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, डिजिटल गतिविधियों, संचार, खेल और युवा कल्याण से जुड़े कार्यों का व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराना है।

शासनादेश के अनुसार, युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तहत संचालित इस विशेष इंटर्नशिप कार्यक्रम की अवधि दो महीने होगी। इसके लिए प्रदेश के युवाओं से ऑनलाइन आवेदन मांगे जाएंगे।

कार्यक्रम के पहले चरण में पूरे उत्तराखंड से 20 प्रतिभावान युवाओं का चयन किया जाएगा। चयन प्रक्रिया डिजिटल यूथ फेस्टिवल में पंजीकृत अथवा सहभागी युवाओं में से ऑनलाइन आवेदन, स्क्रीनिंग और निर्धारित पात्रता के आधार पर की जाएगी।

चयनित युवाओं को विभागीय कार्यप्रणाली को समझने के साथ-साथ डिजिटल प्रोजेक्ट्स पर काम करने का व्यावहारिक अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के संचालन के लिए फिलहाल ₹2.60 लाख का बजट निर्धारित किया गया है।

हर महीने ₹5,000 मानदेय और प्रमाण-पत्र

इंटर्नशिप की दो माह की अवधि के दौरान प्रत्येक चयनित युवा को ₹5,000 प्रति माह मानदेय दिया जाएगा। यानी पूरी इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूरी करने पर कुल ₹10,000 मानदेय मिलेगा।

सौंपे गए दायित्वों को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले इंटर्न को विभाग की ओर से अधिकृत प्रमाण-पत्र और प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किया जाएगा।

रील, पोस्ट और वीडियो बनाने की जिम्मेदारी

इंटर्न्स को विभागीय अधिकारियों के मार्गदर्शन में कई डिजिटल गतिविधियों में सहयोग करना होगा। इनमें डिजिटल युवा महोत्सव के लिए युवाओं का पंजीकरण, वीडियो अपलोड करने में सहायता और कार्यक्रम का सोशल मीडिया के जरिए प्रचार-प्रसार शामिल है।

इसके अलावा ‘फिट उत्तराखंड’ एप से जुड़ी गतिविधियों में युवाओं को जोड़ने और जागरूक करने का काम भी किया जाएगा। विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रचार के लिए सोशल मीडिया पोस्ट, रील, वीडियो और अन्य क्रिएटिव कंटेंट तैयार करना भी इंटर्न्स की जिम्मेदारियों में शामिल होगा।

इंटर्न्स को विभागीय कार्यक्रमों से संबंधित आंकड़ों के संकलन, रिकॉर्ड रखने और डिजिटल अभिलेखीकरण में भी सहयोग करना होगा।

नोडल अधिकारी करेंगे मार्गदर्शन और समीक्षा

प्रत्येक इंटर्न के मार्गदर्शन के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। नोडल अधिकारी कार्य आवंटन, दैनिक मार्गदर्शन और इंटर्न के प्रदर्शन की समीक्षा करेंगे।

कार्यक्रम की प्रगति और समन्वय के लिए प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे और शाम 5:30 बजे वर्चुअल बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में संबंधित अधिकारियों और टीम सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

सरकार की इस पहल से सोशल मीडिया और डिजिटल कंटेंट में रुचि रखने वाले युवाओं को सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव और अपने डिजिटल पोर्टफोलियो को मजबूत करने का अवसर मिलने की उम्मीद है।





Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button