उत्तराखंड

मसूरी घूमने आए दिल्ली के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पड़ताल में जुटी पुलिस

मसूरी में दिल्ली से घूमने आए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट से अचानक नीचे गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को 108 की मदद से सिविल अस्पताल मसूरी पहुंचाया गया. लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

शिवम पुत्र अजय, निवासी 572 मस्जिद लाइन, भोगल, नई दिल्ली, मसूरी घूमने के लिए आया हुआ था. शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे वह लाइब्रेरी चौक स्थित व्यू प्वाइंट पर मौजूद था. इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में युवक अचानक व्यू प्वाइंट से नीचे जा गिरा. युवक के नीचे गिरने की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस कर्मियों ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल मसूरी भेजा. अस्पताल में युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई. युवक अचानक व्यू प्वाइंट से नीचे कैसे गिरा, इसे लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है.

मसूरी कोतवाल देवेंद्र चौहान ने कहा कि पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है. यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय युवक व्यू प्वाइंट पर किस स्थिति में मौजूद था और वह किन परिस्थितियों में नीचे गिरा. पुलिस द्वारा घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है. पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है. मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में जांच प्रचलित है और जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी.

लाइब्रेरी चौक मसूरी का प्रमुख पर्यटक क्षेत्र है और यहां व्यू प्वाइंट पर पर्यटकों की आवाजाही बनी रहती है. ऐसे में तड़के हुए इस हादसे ने पर्यटक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि युवक किस कारण और किन परिस्थितियों में व्यू प्वाइंट से नीचे गिरा. फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.





Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button